नई दिल्ली :- दिग्गज देसी कार निर्माता महिंद्रा (Mahindra) ने शुक्रवार को एसयूवी और कमर्शियल व्हीकल (CV) रेंज की कीमतों में 3 पर्सेंट तक की बढ़ोतरी का ऐलान किया है। नई कीमतें अप्रैल से लागू होंगी। यानी की अप्रैल से थार, स्कॉर्पियो और XUV700 जैसी महिंद्रा एसयूवी महंगी हो जाएंगी। इससे पहले टाटा मोटर्स, मारुति सुजुकी और हुंडई जैसी कंपनियों ने भी अपनी कार कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान किया है। आइए जानते हैं पूरी खबर के बारे में विस्तार से।
ये रही कीमतों में बढ़ोतरी की वजह
महिंद्रा ने इस बढ़ोतरी के लिए बढ़ती इनपुट लागत और कमोडिटी की ऊंची कीमतों को जिम्मेदार ठहराया। बता दें कि बढ़ोतरी की सीमा अलग-अलग मॉडलों में अलग-अलग है। कीमतों में बढ़ोतरी के ऐलान से पहले महिंद्रा के शेयर बीएसई पर 1.08 पर्सेंट यानी 30.45 रुपये की गिरावट के साथ 2,799.30 रुपये पर बंद हुए।
इन कंपनियों ने भी बढ़ाए दाम
इससे पहले मारुति सुजुकी ने अप्रैल से अपनी कार कीमतों में 4 पर्सेंट तक की बढ़ोतरी का ऐलान किया है। वहीं, टाटा मोटर्स ने भी इनपुट लागत में बढ़ोतरी के कारण 1, अप्रैल से कमर्शियल व्हीकल रेंज में 2 पर्सेंट तक की बढ़ोतरी का ऐलान किया है। दूसरी ओर हुंडई इंडिया ने भी इस सप्ताह की शुरुआत में अप्रैल से अपने सभी मॉडल रेंज की कीमतों में 3 पर्सेंट तक की बढ़ोतरी की घोषणा की।